मंडी :धर्मवीर – मंडी और बिलासपुर की सीमा पर सलापड़ में कोल डैम में रविवार शाम को फंसे 10 लोंगो को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। पानी में सिल्ट और लकड़ियां काफी अधिक होने की वजह से वन विभाग के कर्मचारी नाव सहित डैम साइट में फंस गए थे। देर रात इन्हें रेस्क्यू करने के लिए अभियान शुरू किया गया था।
सुबह 3:00 बजे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार भारी बारिश की वजह से कोल डैम में काफी मात्रा में लकड़ी आ गई थी। इस दौरान वन विभाग के कर्मचारी अपने साथ कुछ लोग लेकर लकड़ी की जांच ( रेकी) करने के लिए गए। इस दौरान डैम में काफी मात्रा में सिल्ट और लकड़ी के बीच इनकी नाव फंस गए। बाद में इन्होंने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई। डीसी मंडी अरिंदम चौधरी भी मौके पर पहुंचे और साथ ही एनडीआरफ की टीमों को भी बुलाया गया है। एक स्ट्रीमर की मदद से इन लोगों को निकालने की कोशिश देर रात शुरू हो गई थी। सुबह 3 बजे इन सभी लोगों को डैम से निकाल लिया गया है। साइट पर फंसे लोगों में से पांच वन विभाग के कर्मचारियों की पहचान बहादुर सिंह, भूपेश ठाकुर, रूप सिंह, बाबू राम और अंगद कुमार के रूप में हुई है। जबकि अन्य पांच स्थानीय लोग नैन सिंह, डागू राम, हेम राज, बुद्धि सिंह और धर्मेंद्र है। वहीं डैम में फंसे इन लोगों के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में एक शख्स डैम इन लोगों को बचाने की कोशिश करता हुआ भी नजर आ रहा है। यह शख्स सिल्ट और लकड़ी के बीच तैरता नजर आ रहा है। डीसी मंडी अरिंदम चौधरी ने बताया कि बताया कि बारिश और मुश्किल हालात के बीच इन सभी लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। वह खुद मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने रेस्क्यू टीम की तारीफ की।
