सोलन :योगेश शर्मा -सोलन शहर में इन दिनों लोगों का स्वागत कूड़े के ढेर से सुबह सवेरे हो रहा है । शहर के ओल्ड बस स्टैंड के नजदीक ऑटो स्टैंड पर रविवार के दिन लगने वाली सब्जी मंडी के कारण यह हाल इन दिनों शहर के ओल्ड बस स्टैंड पर देखने को मिल रहा है,जहां पर कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं । वहीं कूड़ा भी सड़कों पर ही बिखरा पड़ा है इसको लेकर कई बार ऑटो चालक भी सवाल उठा चुके हैं और जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन को भी इस बात को रख चुके हैं लेकिन अभी तक कोई भी समस्या का हल नहीं निकल पाया है,जब भी रविवार को संडे मार्केट ऑटो स्टैंड पर लगती है तो सोमवार के दिन यही हाल देखने को मिलता है।
जिला प्रशासन नही दे रहा ध्यान
ऑटो यूनियन सोलन के प्रधान धर्मपाल ठाकुर ने कहा कि इस समस्या को लेकर वह कई बार जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन को अवगत करवा चुके हैं लेकिन समस्या अभी भी वही है । सोमवार के दिन जब वह सुबह ऑटो स्टैंड पर ऑटो लगाने के लिए आते हैं तो यहां पर कूड़े के ढेर पर उन्हें खड़े होना पड़ता है । कई बीमारियों का खतरा भी इस कूड़े के ढेर के कारण पनपता जाता है, लेकिन ना तो जिला प्रशासन इसकी और ध्यान दे रहा है और ना ही नगर निगम प्रशासन।
वहीं दूसरी ओर निगम ने बड़े बड़े बोर्ड लगाकर यह लिखा है कि खुले में कूड़ा फेंकने पर हजार रुपए का जुर्माना किया जाएगा, लेकिन सन्डे के दिन लगने वाली मार्केट को लेकर यह नियम लागू नहीं होते है। वहीं ऑटो चालक मोहन लाल ने बताया कि उन्हें 30 वर्ष यहां पर ऑटो चलाते हुए हो चुके हैं, लेकिन जिस तरह से यहां पर गंदगी का आलम सोमवार के दिन देखने को मिलता है,उससे कहीं ना कहीं उनके कारोबार पर भी असर पड़ता है । लोग ऑटो में बैठने के लिए नहीं आते हैं कूड़े का ढेर यहां पर लगा होता है लेकिन निगम इसकी ओर ध्यान नहीं दे रहा है रविवार के दिन लगने वाली सब्जी मंडी में किसान कम और शहर के दुकानदार ज्यादा होते हैं । ऐसे में निगम और जिला प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए ताकि ऑटो स्टैंड पर गंदगी ना फैले और लोगों के स्वास्थ्य का ध्यान भी रखा जा सके।
