संजु चौधरी, शिमला: कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह जहां पहले ही सत्ता-संगठन में तालमेल की कमी होने की बात कह चुकी हैं। वहीं अब पार्टी के विधायक एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने भी एक बड़ा बयान दिया हैं। शनिवार को शिमला में मीडिया से बातचीत में एक सवाल के जवाब में उन्होंने माना कि कहीं न कहीं सरकार को लेकर कार्यकर्ताओं में रोष हैं। उन्होंने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं के दम पर पार्टी सत्ता में आई, उनकी अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
कुलदीप राठौर ने कहा कि संंगठन के ऐसे लोग जिन्होंने विपक्ष में रहते हुए पार्टी के लिए दिन रात काम और जिनके दम पर पार्टी सत्ता में आई, उनके योगदान की अनदेखी नहीं की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार में राजनीतिक आधार पर जिन सैंकड़ों कार्यकर्ताओं पर केस बने, उन्हें अभी तक वीड्रॉ नहीं किया गया हैं। राठौर ने कहा कि उन पर भी 24 से अधिक केस बने हैं।
उन्होंने कहा कि लगता है कि पार्टी के सत्ता में आने के बाद जो मान-सम्मान कार्यकर्ताओं को मिलना चाहिए था, उसमें कमी हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री के साथ ही सरकार में बैठे लोगों को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
