Nurpur, Sanjeev Mahajan-:कृषि विभाग नूरपुर की टीम ने बुधवार को हिम बदूही कृषि क्लस्टर का निरीक्षण किया। इस दौरे का उद्देश्य क्लस्टर के तहत हो रही कृषि गतिविधियों का जायजा लेना और किसानों को उन्नत खेती के प्रति जागरूक करना था। निरीक्षण दल में संयुक्त कृषि निदेशक डॉ. राहुल कटौती, उपनिदेशक कृषि डॉ. कुलदीप धीमान, विजयवाड़ा विशेषज्ञ डॉ. शैलेश तथा कृषि विकास अधिकारी डॉ. विजय शामिल रहे।
इस दौरान टीम ने हिम बदूही क्लस्टर के खेतों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस मौके पर क्लस्टर प्रधान विपिन चौधरी और प्रगतिशील किसान धर्मचंद भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने खेतों में लगाई गई लहसुन, वसीम प्याज और अन्य फसलों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने किसानों को फसल प्रबंधन, वैज्ञानिक तरीके से खेती, उत्पादन वृद्धि और आधुनिक तकनीक के प्रयोग के संबंध में उपयोगी सुझाव दिए।डॉ. कटौती ने कहा कि समूह आधारित खेती और कृषि क्लस्टर मॉडल से किसानों को सामूहिक लाभ मिलता है। इससे लागत में कमी आती है और बाजार से सीधा जुड़ाव संभव होता है। अधिकारियों ने किसानों को गुणवत्ता सुधार, कीट व रोग प्रबंधन, सिंचाई की आधुनिक विधियों और जैविक खाद के उपयोग पर भी विस्तार से जानकारी दी।किसानों ने विभागीय टीम का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे निरीक्षण और मार्गदर्शन से उन्हें नवीन कृषि तकनीक अपनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के दौरों से उनकी फसल उत्पादन क्षमता और आय दोनों में बढ़ोतरी होगी।कृषि विभाग ने आश्वासन दिया कि किसानों को हर संभव तकनीकी सहायता और प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा ताकि क्षेत्र में उन्नत और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा दिया जा सके।
