Shimla, Sanju-AICC प्रवक्ता कुलदीप राठौर ने आगामी सेब सीजन को लेकर भी चिंता जताई।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश समेत देश के अन्य सेब उत्पादक राज्यों के बागवान आयात शुल्क को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने आशंका जताई कि कम आयात शुल्क की वजह से विदेशों से सस्ता सेब भारत में आ सकता है, जिससे देश के बागवानों को भारी नुकसान हो सकता है।
कुलदीप राठौर ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर हाल ही में प्रदेश के बागवानी मंत्री की बैठक हुई थी, जिसमें आयात शुल्क प्रमुख मुद्दा रहा। उन्होंने बागवानी मंत्री से आग्रह किया कि वे जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के अपने समकक्ष मंत्रियों के साथ मिलकर इस विषय को केंद्र सरकार के समक्ष पुरजोर तरीके से उठाएं।उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर आयात-निर्यात नीति में हो रहे बदलावों, खासकर अमेरिकी राष्ट्रपति की टैरिफ नीतियों, का प्रभाव भारत के बागवानी क्षेत्र पर भी पड़ सकता है। ऐसे में सरकार को जल्द ही ठोस नीति बनानी चाहिए जिससे स्थानीय बागवानों के हित सुरक्षित रह सकें।
अहमदाबाद विमान हादसे पर जताया दुःख
गुजरात के अहमदाबाद में हुए दर्दनाक विमान हादसे पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और इस दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
