Dharamshala, Rahul chawla-केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश अपना आठवां दीक्षांत समारोह 18 जून को धर्मशाला में आयोजित करेगा, जिसमें 454 विद्यार्थियों को स्नातक और परास्नातक की उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी। समारोह भारतीय परंपराओं के अनुसार आयोजित किया जाएगा, जिसमें अकादमिक शोभायात्रा और दीक्षा संकल्प जैसे महत्वपूर्ण आयोजन शामिल होंगे।
इस अवसर पर भारतीय विश्वविद्यालय संघ, नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रो. विनय कुमार पाठक मुख्य अतिथि होंगे। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति पद्मश्री आचार्य (डा.) हरमहेंद्र सिंह बेदी करेंगे। कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाने के लिए विशेष अतिथि के रूप में प्रो. सुशील मित्तल (कुलपति, पंजाब तकनीकी विश्वविद्यालय, जालंधर), प्रो. दिनेश अग्रवाल (कुलपति, विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय, गुरुग्राम) और प्रो. राज नेहरू (पूर्व कुलपति एवं विशेष कार्य अधिकारी, मुख्यमंत्री हरियाणा) की उपस्थिति रहेगी।
कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल के अनुसार, यह समारोह विश्वविद्यालय की 15 वर्षों से अधिक की शैक्षणिक यात्रा का उत्सव है और यह विद्यार्थियों को न केवल उपाधि धारक बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी देगा। इस वर्ष विभिन्न संकायों के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा।
