Hamirpur, Arvind-:उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने कहा है कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने तथा इनसे होने वाली मौतों की संख्या को शून्य तक लाने के लिए लोक निर्माण विभाग, नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI), पुलिस, परिवहन विभाग सहित सभी संबंधित विभाग आवश्यक कदम उठाएं। साथ ही यातायात नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए आम लोगों को भी जागरूक किया जाए।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि रोड सेफ्टी के लिए विभिन्न विभागों को फंडिंग उपलब्ध करवाई जाती है,जिसके अंतर्गत लोगों को जागरूक करने हेतु कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि आमजन सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर सकें।उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में हमीरपुर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से सुझाव दिया गया कि अति व्यस्त स्थानों पर शाइनिंग साइन बोर्ड लगाए जाएं, जिससे यातायात करने वालों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इस पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने आवश्यक साइन बोर्ड लगाने का कार्य शीघ्र शुरू करने का आश्वासन दिया।
