Mandi, Dharamveer-:विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की नई गाइडलाइंस को लेकर उठ रहा विरोध अब देशव्यापी रूप लेता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में वीरवार को सामान्य वर्ग के विभिन्न संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री और क्षेत्रीय सांसदों को ज्ञापन भेजकर यूजीसी के फैसले को वापस लेने की मांग की।
राजपूत महासभा के अध्यक्ष केएस जमवाल ने आरोप लगाया कि नई गाइडलाइंस में सवर्ण समाज के छात्रों को पहले से ही दोषी मानकर चलने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि पुरानी गाइडलाइंस में झूठी शिकायत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान था, लेकिन नई व्यवस्था में इसे हटा दिया गया है। इससे सवर्ण छात्रों के लिए कोई सुरक्षा कवच नहीं बचता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि फैसला वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
