सोलन/योगेश शर्मा: कुछ ही दिनों में हिमाचल प्रदेश में चुनाव को लेकर बिगुल बजने वाला है। ऐसे में तमाम बड़े नेता हिमाचल प्रदेश में आकर अपने अपनी पार्टी के लिए प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां लगातार हिमाचल प्रदेश में आकर हिमाचल की जनता को नई नई सौगात दे रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ 14 अक्टूबर को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी भी सोलन आने वाली है , इसको लेकर तैयारियां कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पूरी कर ली गई है।
तैयारियों को लेकर कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी सोलन पहुंची। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जितने भी दौरे हिमाचल प्रदेश में अभी तक हुए हैं वे सभी फ्लॉप साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरों से खासा उम्मीद थी लेकिन ऐसा नहीं हो पाया, प्रतिभा सिंह ने कहा कि 14 अक्टूबर को सोलन में होने वाली परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली हिमाचल प्रदेश में परिवर्तन की शुरुआत करेगी।
जल्द ही कांग्रेस अपने प्रत्याशियों की सूची करेगी जारी
प्रतिभा सिंह ने कहा कि जल्द ही कांग्रेस अपने प्रत्याशियों की सूची जारी करने वाली है लेकिन सभी संभावित उम्मीदवार अपने अपने चुनाव क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल की आम जनता भी हिमाचल प्रदेश में भाजपा का तख्त पलटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा के जितने भी बड़े नेता हिमाचल प्रदेश का दौरा कर ले लेकिन उन्हें हिमाचल प्रदेश की सत्ता दोबारा नहीं मिलने वाली है।
