राहुल चावला, धर्मशाला: मेरी बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल सके और वह भी पढ़ाई लिखाई कर बेहतर कर सकें इसके लिए उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से दो युवक इन गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए पैसे जुटाने के लिए बाइक राइड पर निकले हैं। दोनों युवकों की ओर से 17 हजार किलोमीटर की यात्रा बाइक की जाएगी ओर इस दौरान वे 21 राज्यों का भ्रमण कर गोरखपुर में गरीब बच्चों के लिए चलाए जा रहे स्कूल के लिए धन जुटाएंगे।
मंगलवार को धर्मशाला पहुंचे युवकों अख्तर अली और सहयोगी नितिन कुमार ने बताया कि वह 75 दिनों की यात्रा पर निकले हैं। इस यात्रा का मकसद पर्यटन नहीं, बल्कि वंचित वर्ग के बच्चों के लिए संचालित विकास पब्लिक स्कूल के निर्माण कार्य हेतु 2 करोड़ का दान एकत्रित करना है। आपको बताते चले की वर्ष 2004 से ही लोक अभियान गोरखपुर में वंचित वर्ग के बच्चों के लिए विकास पब्लिक स्कूल का संचालन सफलतापूर्वक करता आ रहा है। इस स्कूल का निर्माण जनता से प्राप्त आर्थिक सहयोग से किया गया था, जोकि इसकी खासियत है।
इस स्कूल के माध्यम से संस्था प्रत्येक वर्ष लगभग 150 बच्चों को गुणवत्तापूर्ण स्कूली शिक्षा से जोड़ती है। संगठन के प्रयास है कि स्कूल का क्षमता विस्तार किया जाए और इन बच्चों को भी आधुनिकतम तकनीक के माध्यम से शुरुआती दौर से ही साइंस, कंप्यूटर और भाषा की शिक्षा दी जाए जिससे यह बच्चे भी भविष्य में आगे बढ़ सके और नयी तकनीक से अछूते न रहे। इस यात्रा के 80 शहरों में पड़ाव होंगे और यह यात्री स्थानीय लोगों से आश्रय देने कि भी अपील करेंगे और यह यात्रा अत्यंत सीमित संसाधनों के साथ ही करेंगे।
