राहुल चावला, धर्मशाला: कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के नौ साल पूरे होने पर महंगाई, बेरोजगारी एवं कुछ अन्य विषयों पर उनसे नौ सवाल पूछे हैं। धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ये सवाल पूछे थे, लेकिन प्रधानमंत्री और सरकार की तरफ से कोई जवाब नहीं आया। उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि महंगाई और बेरोजगारी आसमान क्यों छू रही हैं? आर्थिक विषमता क्यों बढ़ रही है? किसानों व आम आदमी की आय दोगुनी क्यों नहीं हुई? किसानों के साथ किए गए वादे पूरे क्यों नहीं हुए तो वहीं एमएसपी की कानूनी गारंटी क्यों नहीं दी गई?
उन्होंने कहा कि बीते 9 साल में जितनी बातें इन्होंने मेनिफेस्टो, वादों, भाषणों और मन की बात में की, वो सब काल्पनिक हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 9 साल का हिसाब मांगने पर 900 साल पीछे मत ले जाइए। 9 साल में आपने क्या किया, ये बताइए। पवन खेड़ा ने कहा कि नरेंद्र मोदी भारत की तुलना पाकिस्तान के साथ करते हैं। इसके लिए उन्हे देश की जनता से माफी मांगनी होगी। उन्होंने मोदी से पूछा कि अडानी को फायदा पहुंचाने के लिए, एसबीआई और एलआईसी में जमा लोगों की खू+न-पसीने की कमाई का क्यों इस समूह में निवेश किया गया।
उन्होंने कहा कि अदानी समूह की फर्जी कंपनियों में जमा 20 हजार करोड़ रुपये किसके हैं? उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन को लाल आंख दिखाने की बात करने के बावजूद चीन को क्लीन चिट क्यों दी? कुप्रबंधन से 40 लाख लोगों की मौ+त हुई और प्रभावित परिवारों को मुआवजा क्यों नहीं दिया गया? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को इन सवालों पर चुप्पी तोड़नी चाहिए। इस मौके पर उनके साथ स्थानीय विधायक सुधीर शर्मा भी उपस्थित रहे।
