राकेश, ऊना: प्रदेश में चुनावों के मद्देनजर ऊना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने थाना वंगाना के तहत पड़ते गांव रायपुर मैदान में भारी मात्रा में अवैध शराब पकड़ी है। पुलिस ने सूचना के आधार पर यह शराब पकड़ी है। इस संबंध में पुलिस ने एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है और उसके खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है।
ऊना पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने बताया की भारी मात्रा में शराब पकड़ी गई है जिसकी गिनती अभी जारी है और एक व्यक्ति के ऊपर मामला दर्ज किया गया है उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है और शराब कहां से आई और इसका आगे कहां इस्तेमाल होना था इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
बता दें कि इतनी बड़ी संख्या में शराब का मिलना कई सवाल खड़े करता है, क्योंकि चुनावों में इतनी बड़ी संख्या में शराब की पीटियों का पकड़ा जाना एक्साइज विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करता है। फिलहाल पकड़ी गई शराब को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और इस मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
