संजीव महाजन, नूरपुर: विधानसभा इंदौरा में राजकीय महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय के प्रांगण में धरना प्रदर्शन किया। कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बताया कि यूनिवर्सिटी की ओर से दिए गए परीक्षा परिणाम में ज्यादातर बच्चों को फेल कर दिया गया है। इतनी ज्यादा तादाद में छात्र-छात्राएं फेल हुए हैं कि यह मानने योग्य नहीं है, इसलिए इस परीक्षा परिणाम को दोबारा से जांच करने की जरूरत है।
परीक्षा परिणाम की दोबारा जांच की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय इंदौरा के प्रधानाचार्य को ज्ञापन सौंपा ताकि इसका समाधान किया जा सके। महाविद्यालय इंदौरा की प्रिंसिपल प्रवीण कुमारी ने बताया कि आज छात्र-छात्राओं की ओर से कॉलेज के प्रांगण में धरना प्रदर्शन किया गया। छात्र-छात्राओं के माध्यम से एक ज्ञापन उन्हें सौंपा गया है जिसे उच्च अधिकारियों को भेज दिया जाएगा और बच्चों के भविष्य के साथ कोई भी खिलवाड़ ना हो उसकी पूरी कोशिश की जाएगी।
