चिंतपूर्णी,विकास-:चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बलवीर सिंह चौधरी ने ऊना में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दौरे पर तीखा हमला बोला है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि जिला मुख्यालय पर बच्चों को बुलाकर मैराथन दौड़ आयोजित करने से नशा निवारण का मकसद पूरा नहीं होगा और यह आयोजन केवल एक पिकनिक बनकर रह जाएगा। उन्होंने कहा कि केवल मैराथन कराने के बजाय ग्रामीण स्तर पर अभिभावकों, समाज और बड़े लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है, क्योंकि सामाजिक सहयोग और कड़े प्रशासनिक कदमों के बिना नशा मुक्ति संभव नहीं है। पूर्व विधायक ने आगाह किया कि यदि चिट्टे के बढ़ते कारोबार पर तुरंत कड़ाई से लगाम नहीं कसी गई, तो प्रदेश की युवा पीढ़ी तबाही के गर्त में समा जाएगी।
इसके साथ ही बलवीर चौधरी ने वन विभाग और प्रदेश सरकार पर अवैध वन कटान को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अधीन आने वाले वन विभाग में राजनीतिक शह पर वन माफिया को लाभ पहुंचाया जा रहा है। टकारला, रामगढ़ धार और लठियाणी नेशनल हाईवे निर्माण क्षेत्र में अनुमत सीमा से हटकर सरकारी जंगलों से बड़े पैमाने पर खैर के पेड़ों का अवैध कटान किया गया है। माफिया द्वारा कीमती लकड़ी बाजार में बेच दी गई और कम गुणवत्ता का सामान कॉर्पोरेशन में जमा कराया गया। 24 लाख रुपये की पेनल्टी को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। पूर्व विधायक ने मांग की कि स्थानीय अधिकारियों से जांच कराने के बजाय इस पूरे अवैध कटान प्रकरण की निष्पक्ष जांच धर्मशाला स्थित फ्लाइंग स्क्वाड के आईएफएस अधिकारी से कराई जाए।

