मोदी के जन्मदिन पर ऊना में सेवा का संदेश, रक्तदान शिविर में जुटे युवा
ऊना,राकेश -:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ऊना में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सरकारी अस्पताल में आयोजित इस शिविर में भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान युवाओं ने उत्साह के साथ रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद का संदेश दिया। आयोजकों की ओर से शिविर में करीब 100 यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया।
शिविर में पहुंचे भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाने की पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि रक्तदान ऐसा सामाजिक कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने युवाओं से इस तरह के सेवा कार्यों में लगातार भाग लेने का आह्वान किया।सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन देशभर में विभिन्न सेवा गतिविधियों के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में ऊना में युवा मोर्चा ने रक्तदान शिविर आयोजित किया है। उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी मरीज को अचानक पड़ सकती है और ऐसे समय में उपलब्ध रक्त किसी परिवार के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होता है।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना भी की। सत्ती ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं और देश की सेवा में योगदान दिया है।
वहीं, शिविर में पहुंचे युवाओं ने कहा कि जन्मदिन को केवल उत्सव के रूप में मनाने के बजाय रक्तदान जैसे सेवा कार्य से जोड़ना उनके लिए गर्व की बात है। कई युवाओं ने पहली बार रक्तदान किया, जबकि कुछ नियमित रूप से रक्तदान करने की बात कहते नजर आए। शिविर के माध्यम से युवाओं ने समाजसेवा और जरूरतमंदों की सहायता का संदेश दिया।

