सोलन : योगेश शर्मा – सेब मंडी सोलन में सोमवार को सेब की पहली खेप पहुंची है। सोलन मंडी में सेब का भाव अभी तक 1200 से 1500 रुपए तक मिला है। सेब की यह खेप करसोग से आई है। टाइडमैन वैरायटी के सेब की 400 पेटियां मंडी में पहुंची हैं। अभी प्रदेश के निचले हिस्सों कुल्लू, चौपाल, करसोग, कुमारसैन, सिरमौर के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों का सेब मंडी में बिक्री के लिए आएगा व इसके बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों से सेब की फसल शुरू होगी।
कई सालों से सब्जी मंडी सोलन में काम कर रहे आढ़ती स्वरूप ठाकुर का कहना है कि वे वजन के हिसाब से सेब लेने को तैयार है, लेकिन इसमें उनको बहुत दिक्कत आ रही है, मंडी में जगह कम है. वजन करने में समय लग रहा है गाड़ी उतारने में काफी समय लग रहा है, बागवानों को सेब पैक करने से पहले तोलना पड़ रहा है तो दूसरी ओर मंडियों में भी सेब को तोलकर लेना पड़ रहा है,आगे खरीदार भी अब तोलकर ही सेब मांग रहा है। इस तरह लंबी प्रक्रिया हो गई है।
