Nurpur, Sanjeev Mahajan-:नूरपुर को मातृ-शिशु चिकित्सालय के लिए 3 करोड़ 18 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने पर कांग्रेस प्रदेश पूर्व प्रवक्ता सुदर्शन शर्मा ने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि और प्रदेश सरकार की सबके लिए समान विकास की नीति का प्रतीक बताया। नूरपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का इस बजट आवंटन के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह कदम न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करेगा, बल्कि महिलाओं और बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करेगा।
सुदर्शन शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश हालिया आपदा से उबरने की प्रक्रिया में है, फिर भी आर्थिक चुनौतियों के बावजूद मुख्यमंत्री सुक्खू राज्य को प्रगतिशील राह पर आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता दे रही है और संसाधनों की कमी के बावजूद विकास कार्यों को गति मिल रही है। यह मुख्यमंत्री के दूरदर्शी और सक्षम नेतृत्व का प्रमाण है।उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री सुक्खू का बहुआयामी विकास मॉडल अब अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गया है। कई राज्य हिमाचल सरकार की नीतियों को सकारात्मक उदाहरण के रूप में देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार गरीबों, मजदूरों, महिलाओं और आमजन के हित में नई सोच के साथ कार्य कर रही है और प्रदेश में विकास की नई इबारत लिख रही है।
गुटबाजी में उलझ कर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश कर रही भाजपा
पूर्व प्रवक्ता ने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा विकास होता देख गुटबाजी में उलझ कर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास न तो कोई ठोस योजना है और न ही प्रदेश के भविष्य को लेकर स्पष्ट दृष्टि, जबकि कांग्रेस सरकार बिना किसी क्षेत्रीय भेदभाव के सभी विधानसभा क्षेत्रों में समान रूप से विकास कर रही है।सुदर्शन शर्मा ने कहा कि नूरपुर के लिए स्वीकृत करोड़ों रुपये की यह सौगात यहां के लोगों के लिए एक नई उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मातृ-शिशु चिकित्सालय के निर्माण से न केवल स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर होंगी, बल्कि भविष्य में क्षेत्रीय विकास को भी नई दिशा मिलेगी। उन्होंने अंत में मुख्यमंत्री सुक्खू का जनहित के प्रति समर्पण और नूरपुर के लिए विशेष ध्यान देने के लिए आभार प्रकट किया।
