घंघरेट क्षेत्र में शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ड्यूटी से लौट रहे वेटनरी फार्मासिस्ट सतपाल के साथ लूट की कोशिश की गई। जानकारी के अनुसार, सतपाल सलोह बैरी स्थित अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में बाइक पर आए तीन युवकों ने अचानक उन्हें घेर लिया और उनकी बाइक रुकवाकर मारपीट व धमकाते हुए लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित सतपाल ने बताया कि आरोपियों ने उनकी जेब से जबरन पर्स छीना और उसमें रखे करीब 800 रुपये निकाल लिए। नकदी लेने के बाद पर्स को वहीं फेंक दिया। इतना ही नहीं, युवक सतपाल की बाइक की चाबी भी साथ ले गए, जिससे वह मौके पर असहाय खड़े रह गए। बाद में उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी और एक मेकेनिक की मदद से बाइक का लॉक खुलवाकर घर पहुंचे।घंघरेट पंचायत के प्रधान वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि इस क्षेत्र में पहले भी इस प्रकार की लूट की दो–तीन घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके चलते ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।सूचना मिलने पर संसारपुर टेरस और दौलतपुर थाने की पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तीनों आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
