Sirmour, Satish Sharma-:सिरमौर जिले में पीएमश्री विद्यालयों के शिक्षकों को नई शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय नाहन स्थित डाइट संस्थान में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया है। यह प्रशिक्षण पीएमश्री योजना के तहत चयनित विद्यालयों के शिक्षकों की शैक्षणिक और पेशेवर क्षमता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
जिले के 15 पीएमश्री विद्यालयों के 50 शिक्षक ले रहे भाग
इस पांच दिवसीय कार्यशाला में जिले के 15 पीएमश्री विद्यालयों से आए कुल 50 शिक्षक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। कार्यशाला के समन्वयक संतराम शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल 15 पीएमश्री विद्यालय हैं, जिनके शिक्षकों को कैपेसिटी बिल्डिंग के तहत यह प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण का पहला चरण 22 दिसंबर से 26 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया गया था, जबकि दूसरा चरण 29 दिसंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक डाइट नाहन में चल रहा है।उन्होंने बताया कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य नई शिक्षा नीति 2020 को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना है। इसके तहत शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, नवाचार आधारित शिक्षा, डिजिटल टूल्स के उपयोग और छात्र-केंद्रित शिक्षण विधियों की जानकारी दी जा रही है।
कार्यशाला के दौरान शिक्षकों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नैतिक मूल्यों, कौशल आधारित शिक्षा और 21वीं सदी की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण प्रणाली अपनाने पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही पीएमश्री विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि ये विद्यालय आसपास के अन्य स्कूलों के लिए प्रेरणा का केंद्र बन सकें।शिक्षकों ने भी इस प्रशिक्षण को बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें कक्षा शिक्षण में नवाचार लाने और छात्रों के बेहतर शैक्षणिक विकास में सहायता मिलेगी।
