बिलासपुर : सुभाष ठाकुर- अद्र्धनारेश्वर समाज सेवा समिति अध्यक्ष बिजली महंत अपनी करोड़ों की संपत्ति ट्रस्ट के नाम पर करेंगी। बिजली महंत करीब डेढ़ दशक से समाजसेवा में अपनी अहम भूमिका निभा रही हैं। वहीं, अब उन्होंने पूरी संपत्ति ट्रस्ट के नाम पर करने का निर्णय लिया है। जिला के लोगों से ही बधाई के नाम पर कमाई गई पूरी संपत्ति जिला की जनता पर ही खर्च हो,इसके लिए यह निर्णय बिजली महंत की ओर से लिया गया है। इस तरह का निर्णय किन्नर समाज में पहली बार हुआ है। जिसकी सभी जगह पर सराहना हो रही है।
जिला मुख्यालय बिलासपुर में शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में अद्र्धनारेश्वर समाज सेवा समिति अध्यक्ष बिजली महंत ने कहा कि जिला में पंजाब सहित अन्य राज्यों के किन्नरों की मनमानी बढ़ रही है। यहां तक कि उनके डेरे पर कातिलाना हमले में हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला बिलासपुर में भी किन्नर समाज में यह निर्णय लिया है कि जिला बिलासपुर में अब बधाई के नाम पर 21 सौ रुपये ही लेंगे। इसके लिए बाकायदा बधाई देने वाले लोगों को रसीद भी दी जाएगी।
