Nurpur, Sanjeev-:पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अर्जुन सेव अर्थ फाउंडेशन द्वारा चंबा जिला की सिहुंता तहसील की पंचायत समोट में एक जागरूकता एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पंचायत प्रधान ज्योतिका मेहरा रहीं, जबकि विशेष अतिथि के रूप में जगदीश चंद्र (अध्यक्ष, एससी मोर्चा) तथा पवन कुमार (प्रधान, सुरपुड़ा पंचायत) उपस्थित रहे।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, युवा एवं महिला सशक्तिकरण, शिक्षा को प्रोत्साहन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आयवर्धन के अवसर सृजित करना रहा।
अर्जुन सेव अर्थ फाउंडेशन के निदेशक बृजेश पठानिया ने जानकारी दी कि फाउंडेशन द्वारा ग्रामीण युवाओं को तकनीकी, शैक्षणिक, पैरामेडिकल एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए ₹7 लाख तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है, ताकि उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने बताया कि उन्नत किस्म के पौधों के माध्यम से लोग अपनी आय भी बढ़ा सकते हैं।कार्यक्रम के दौरान मियाज़ाकी आम, ताइवानी अमरूद, हिसार सफेदा अमरूद, कुमक्वाट नींबू, पॉपलर, पी-23 यूकेलिप्टस, नीम, लसौड़ा, सेब (अन्ना एवं ARN-99 किस्म), अफ्रीकन महोगनी एवं चीकू जैसी प्रजातियों की जानकारी दी गई तथा लगभग 1000 पौधे निःशुल्क वितरित किए गए।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए फाउंडेशन द्वारा 50 महिलाओं के लिए 30 दिवसीय ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यशाला (प्रथम चरण) आयोजित करने की घोषणा भी की गई।मुख्य अतिथि ज्योतिका मेहरा ने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अर्जुन सेव अर्थ फाउंडेशन पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे संस्था द्वारा दिए गए मार्गदर्शन को अपनाकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाएं।फाउंडेशन ने घोषणा की कि 1 जनवरी 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक सिहुंता एवं चुवाड़ी तहसीलों में 11,000 पौधों का निःशुल्क वितरण किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण आय संवर्धन एवं स्वास्थ्य पर विशेष जोर दिया गया। सहजन (मोरिंगा) के औषधीय गुणों एवं आयवर्धन की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। फाउंडेशन की राज्य समन्वयक शिवाली शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण, युवा एवं महिला सशक्तिकरण विषयों पर लोगों को जागरूक किया।इस अवसर पर रविंदर भाटिया (ब्लॉक अध्यक्ष), कुलदीप (उप-प्रधान), गगन एवं अमरनाथ (सामाजिक कार्यकर्ता), बृजलाल शर्मा (राष्ट्रीय सामाजिक सदस्य) सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।मीडिया एवं स्थानीय प्रतिनिधियों में संजीव महाजन, ममता जरियाल, शिवाली शर्मा, कनिष्का सेन, नज़ीर खान, जगदीश राणा, अनिल कुमार, बिल्लू तथा विनोद शर्मा (एएसआई) शामिल रहे।
