शिमला, संजू-: पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों में जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से सेतु सोशल वेलफेयर ट्रस्ट ने ‘एक पौधा कुटुंब के नाम’ अभियान के तहत पोर्टमोर सीनियर सेकेंडरी विद्यालय के आसपास पौधारोपण किया। अभियान के माध्यम से लोगों को केवल पौधे लगाने के लिए प्रेरित करने के बजाय उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लेने का संदेश दिया गया।इस अवसर पर ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ. साधना ठाकुर ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक माना जा सकता है, जब लगाए गए पौधे को सुरक्षित रखकर उसे वृक्ष बनने तक देखभाल दी जाए। उन्होंने कहा कि अभियान की मूल भावना यही है कि प्रत्येक व्यक्ति पौधे को अपने परिवार के सदस्य की तरह माने और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी स्वयं उठाए।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण, घटती हरियाली और पर्यावरण में हो रहे बदलाव गंभीर चिंता का विषय हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी स्तर का कार्य नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की इसमें भागीदारी आवश्यक है। यदि हर परिवार कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी नियमित देखभाल की जिम्मेदारी उठाए, तो इसका सकारात्मक प्रभाव व्यापक स्तर पर देखने को मिल सकता है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. साधना ठाकुर ने स्वयंसेवियों को लगाए गए पौधों की सुरक्षा, नियमित देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि पौधों को लगाने के बाद उनकी देखभाल न होना पौधारोपण अभियानों की सबसे बड़ी चुनौती है। इसलिए ट्रस्ट का प्रयास है कि पौधारोपण को एक दिन के कार्यक्रम के बजाय निरंतर चलने वाली सामाजिक पहल बनाया जाए।उन्होंने अभियान से जुड़ने वाले सभी स्वयंसेवियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘एक पौधा कुटुंब के नाम’ का संदेश हर घर तक पहुंचना चाहिए। जनभागीदारी से ही शहरों और गांवों में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और स्वच्छ पर्यावरण तैयार किया जा सकता है।ट्रस्ट ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी अपने परिवार के सदस्य की तरह निभाने का आह्वान किया।
।
