सचिन शर्मा, हमीरपुर: फोरलेन प्रभावितों को सरकार की ओर से चार गुणा मुआवजा ना मिल पाने पर मनाली विधानसभा कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार को घेरा है। मनाली विधानसभा कांग्रेस अध्यक्ष हरि चंद शर्मा ने फोरलेन प्रभावित लोगों की और फोरलेन संघर्ष समिति की मांगों को जायज ठहराया है और उनका पुरजोर समर्थन किया है।
हरी चंद शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार में बैठे लोगों ने पिछले विधानसभा चुनावों में फोरलेन प्रभावितों को यह विश्वास दिलाया था की उन्हें ज़मीन का मुआवजा भाजपा की सरकार बनने पर चार गुना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि फोरलेन से संबंधित लोगों के मध्य यह बात उस समय कही गई थी की कांग्रेस सरकार तो इतना मुआवजा कभी भी प्रभावितों को नहीं देगी,लेकिन भाजपा जरूर देगी। यहां तक कि कई भाजपा के नेताओं ने इस आंदोलन का नेतृत्व भी किया था और विज़न डोकोमेंट्स (मेनिफ़ेस्टो ) में भी बाकायदा प्रभावित लोगों के साथ यह वायदा भाजपा की सरकार ने किया था,लेकिन सत्ता में आते ही भाजपा अपने इस वायदे को भूल गयी।
हरि चंद शर्मा ने कहा कि जय राम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी तो उन्हें सांप सूंघ गया। फोरलेन संघर्ष समिति के बार-बार आंदोलन करने और बार-बार सरकार से संवाद स्थापित करने के बावजूद कोई कदम सरकार ने फोरलेन प्रभावितों के लिए नहीं उठाए गए। मनाली कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मनाली विधानसभा कांग्रेस फोरलेन संघर्ष समिति के प्रदर्शन का पुरजोर समर्थन करती है ओर उनके आंदोलन को जायज ठहराती है।
