संजीव महाजन,नूरपुर: हिमाचल प्रदेश में आदर्श चुनाव आचार संहिता शुरू होते ही प्रशासन सतर्क हो गया है। आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रशासन एक्शन मोड़ में नजर आ रहा है और ज्वाली में लगे सभी सरकारी होर्डिंग्स, बैनर, झंडे ओर पोस्टर निकालने में जुट गया है।
एसडीएम ज्वाली महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि आचार संहिता के लगने के 24 घंटे के भीतर सरकारी भवनों से होर्डिंग्स, बैनर सहित अन्य सामग्री, 48 घंटे के भीतर सरकारी स्थानों जैसे बस अड्डा सहित बसों पर लगे सरकारी पोस्टर ओर 72 घंटे के भीतर निजी स्थानों, निजी भवनों से पोस्टर, होर्डिंग्स सहित अन्य प्रचार सामग्री को उतारना सुनिश्चित होता है, जिस पर ज्वाली प्रशासन ने भी काम शुरू कर दिया है।
सरकारी भवनों से पोस्टर, होर्डिंग्स, बैनर, पार्टी के झंडे इत्यादि उतारने की मुहिम प्रशासन ने शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि इसकी पहल मिनी सचिवालय ज्वाली से ही सरकारी होर्डिंग्स व बैनर को उतारकर की गई है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि कर्मचारी लगाकर सभी स्थानों से होर्डिंग्स, बैनर, पोस्टर सहित झंडों इत्यादि को उतारे। उन्होंने कहा कि 72 घंटों तक सभी होर्डिंग्स, बैनर सहित पोस्टरों व झंडों को उतार दिया जाएगा। प्रशासन किसी किस्म की कोताही बर्दाश्त नहीं करेगा।
