सचिन शर्मा, लाहौल स्पीति: उदयपुर से तिंदी सड़क को चौड़ा करने के कार्य को रफ्तार देने व शुरुआती चरण में मड़ग्रां तक सड़क को पूरी तरह मैटल करने का काम घाटी में मौसम के खुलते ही शुरू किया जाएगा। यह बात बीआरओ के अधिकारियों ने लाहौल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर के साथ हुई बैठक में कही। विधायक ने मंगलवार को बीआरओ के 94 आरसीसी के मेजर अखिल व बीआरओ के अन्य अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
इस बैठक में उदयपुर से तिंदी सड़क को चौड़ा करने के कार्य को रफ्तार देने व शुरुआती चरण में मड़ग्रां तक सड़क को पूरी तरह मैटल करने का आग्रह विधायक रवि ठाकुर की ओर से बीआरओ के अधिकारियों से किया गया। इस पर बीआरओ के अधिकारियों ने विधायक रवि ठाकुर को कहा कि मौसम के खुलते ही व घाटी की परिस्थितियां सामान्य होते ही सड़क का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया जाएगा। सबसे पहले उदयपुर से मड़ग्रां सड़क पर टायरिंग के कार्य को अंजाम दिया जाएगा।
बैठक में इसके अलावा ग्रांफू काजा सड़क को भी चौड़ा व चकाचक करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और बीआरओ के मेजर अखिल ने विधायक रवि ठाकुर के समक्ष इस सड़क की पूरी प्रोजेक्ट रिपोर्ट की एक छोटी सी प्रेजेंटेशन देते हुए जल्द से जल्द इस कार्य को भी अंजाम देने की बात कही। इस अवसर पर विधायक रवि ठाकुर को बीआरओ के मेजर की ओर से एक स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।
