Una, Rakesh -ऊना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजीव भाटिया ने एशियन पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप 2023 में 120 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाले कांगड़ा जिले के लम्बागांव निवासी अमन चौहान को सम्मानित किया।
इस अवसर पर एएसपी ने कहा कि अमन की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने अमन को आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बताया और कहा कि उनकी मेहनत और लगन युवाओं के लिए एक मिसाल है।अमन चौहान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरु जीवन कुमार और माता-पिता को दिया। उन्होंने खेलों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू, खेल मंत्री यादविंद्र गोमा और एससी आयोग का भी आभार व्यक्त किया।गौरतलब है कि 16 से 18 अगस्त तक नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित एशियन पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें से अमन चौहान ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
