Mandi, Dharamveer- महंगाई के दौर में कर्मचारियों की बड़ी चिंता को दूर करते हुए प्रदेश सरकार ने हायर ग्रेड पे से जुड़ी सैलरी कटौती का नोटिफिकेशन रद्द कर दिया है। इस फैसले से लगभग 89 वर्ग के करीब 35 हजार कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है।
सरकार द्वारा लिए गए इस निर्णय का मंडी अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ और अन्य कर्मचारियों ने स्वागत किया है। महासंघ के मंडल अध्यक्ष रजनीश ठाकुर ने कहा कि यदि यह नोटिफिकेशन लागू होता तो कर्मचारियों की सैलरी में सीधे 10 से 15 हजार रुपये तक की कटौती हो जाती, जिससे गुज़ारा करना मुश्किल हो जाता।कर्मचारियों का कहना है कि मौजूदा समय में अधिकांश कर्मचारी किसी न किसी रूप में बैंक लोन चुका रहे हैं। ऐसे में कटौती लागू होती तो उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ आ जाता। नोटिफिकेशन वापस लेने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद जताया और अपील की कि भविष्य में भी नई भर्तियों में इस तरह की सैलरी कटौती लागू न की जाए।साथ ही, कर्मचारियों ने मांग उठाई है कि 3 जनवरी 2022 की नोटिफिकेशन से बाहर हुए अन्य कर्मचारियों को भी ग्रेड पे का लाभ दिया जाए, ताकि सभी वर्गों के कर्मचारियों को समान राहत मिल सके।
