Hamirpur, Arvind-79वां स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को पूरे जिले में देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) हमीरपुर के मैदान में आयोजित होगा। इस बार समारोह की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार करेंगे।
उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि पहले इस कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह को करनी थी, लेकिन उनके कार्यक्रम में बदलाव के चलते अब विनय कुमार इस भूमिका में रहेंगे।कार्यक्रम के तहत 15 अगस्त को सुबह 11 बजे विधानसभा उपाध्यक्ष ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस तथा स्काउट्स एंड गाइड्स की टुकड़ियां शामिल होंगी। इसके अलावा विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी देंगे।
