नाहन : देवेंद्र कुमार (TSN)-अंतरराष्ट्रीय स्तरीय रेणुका जी मेले का आज विधिवत समापन हो गया। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने देव पालकी को कंधा देकर परंपरा अनुसार 6 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय स्तरीय मेले का समापन किया।
1500 महिलाओं ने एक साथ की महानाटी
मेले के समापन के साथ ही सिरमौर जिला के विभिन्न स्थानों से यहां पहुंची कर देवपालकियाँ आज वापस अपने देव स्थलों के लिए रवाना हो गई ।अंतर्राष्ट्रीय रेणुका जी मेले के दौरान आज महा नाटी का भी आयोजन किया गया, जिसमें करीब 1500 महिलाओं ने एक साथ पहाड़ी नृत्य किया ।पहली मर्तबा रेणुका जी मेले में इस तरह का आयोजन किया गया था।
मीडिया से बात करते हुए राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तरीय मेला उत्तरी भारत में अपनी एक अलग पहचान रखता है और धार्मिक दृष्टि से यह मेला बेहद महत्वपूर्ण है राज्यपाल ने कहा कि इस तरीके के मेले हमारी संस्कृति को संजोए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।इस दौरान राज्यपाल के साथ स्थानीय विधायक विनय कुमार व शिमला संसदीय क्षेत्र के बीजेपी सांसद सुरेश कश्यप विशेष रूप से मौजूद रहे।
