राहुल चावला , धर्मशाला: आज के समय में नशा एक बड़ी समस्या बनता जा रहा हैं। प्रदेश में भी नशे का यह कारोबार फैलता जा रहा हैं और युवा पीढ़ी नशे की इस बुरी लत में धंसती जा रही हैं। ऐसे में युवा पीढ़ी को नशे जैसी बुरी बीमारी से बचाया जा सके और उन्हें इस बुरी आदत से बाहर निकाला जा सके इसके लिए तरह-तरह के अभियान चलाए जा रहे हैं। वहीं अब स्कूल स्तर पर बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को धर्मशाला में डीसी कांगड़ा निपुण जिंदल की अगुवाई में जिला मुख्यालय में पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली गई।
डीसी कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि जिला में नशे का कारोबार जो पहले बॉर्डर एरिया में ज्यादा था, अब जिला के बीच में भी पहुंच गया हैं। नशा एक बीमारी है, जिससे युवाओं को बचाना अति आवश्यक है। ऐसे में एजुकेशन, वेल्फेयर और एक्साइज डिपार्टमेंट को स्कूलों में कैंप आयोजित करने को कहा गया हैं। इन कैंपों के माध्यम से नौंवीं से बारहवीं तक के छात्रों को जागरूक करने पर फोकस करने को कहा गया हैं।
उपायुक्त ने बताया कि नशे की बीमारी से निपटने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से कार्य किया जा रहा हैं। इसके लिए एक ऐसा मैकेनिज्म तैयार किया गया है, जिसके इन्फोर्समेंट और अवेयरनेस पर जोर दिया जा रहा हैं। इन्फोर्समेंट के लिए पुलिस अच्छा कार्य कर रही हैं। जहां से भी नशे के मामलों की शिकायतें मिलती हैं, पुलिस की ओर से कार्रवाई की जाती हैं। वहीं अवेयरनेस भी नशे के खिलाफ जरूरी हैं, इसके लिए स्कूल व कॉलेज में जागरूकता कैंप लगाने के लिए एजुकेशन, वेल्फेयर और एक्साइज डिपार्टमेंट काम कर रहा हैं, जिसमें नौंवीं से बारहवीं तक के बच्चों और 18 से 20 वर्ष की आयु वर्ग के युवाओं पर विशेष फोकस किया जा रहा हैं।
