Shimla,Sanju-:महिलाओं के प्रति बढ़ती हिंसा के खिलाफ समाज में संवेदनशीलता और जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से इनर व्हील क्लब शिमला ने बुधवार को रिज मैदान में एक जागरूकता वॉकाथॉन का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान ने हरी झंडी दिखाकर की।वॉकाथॉन में बड़ी संख्या में महिला सदस्यों और आम नागरिकों ने भाग लिया।
महापौर सुरेंद्र चौहान ने इस अवसर पर कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए समाज में सकारात्मक माहौल बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने इनर व्हील क्लब द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों को सराहनीय बताया और कहा कि महिला अधिकारों को लेकर समाज में अब भी बहुत जागरूकता की जरूरत है।
वॉकाथॉन में शामिल इनर व्हील क्लब की सदस्यों ने महिलाओं के साथ हो रही हिंसा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि तकनीकी और सामाजिक प्रगति के इस दौर में भी महिलाएं घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, दुष्कर्म और मानसिक प्रताड़ना जैसी समस्याओं से जूझ रही हैं। कई पीड़ित महिलाएं जागरूकता और समर्थन के अभाव में सामने आने से हिचकिचाती हैं, जिससे अपराधियों का मनोबल और बढ़ता है।क्लब की सदस्यों ने बताया कि संगठन समय-समय पर महिला अधिकारों, मानव अधिकारों और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहता है। उन्होंने कहा कि आज का यह वॉकाथॉन भी उसी कड़ी का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य समाज को यह संदेश देना है कि महिला हिंसा किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं हो सकती।महिलाओं ने बल देकर कहा कि यदि समाज को सुरक्षित और संतुलित बनाना है, तो हर नागरिक को महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए अपनी भूमिका निभानी होगी।
