Mandi, Dharamveer-:सुंदरनगर थाना पुलिस ने पुंघ क्षेत्र में की गई नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन से चरस और नकदी बरामद कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।पुलिस टीम एएसआई दौलत राम के नेतृत्व में पुंघ के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मंडी की ओर से आ रही बुलेरो पिकअप (नंबर एचपी 87 2462) को रोककर आवश्यक दस्तावेज मांगे गए।
पुलिस के अनुसार, चालक दस्तावेज दिखाने से बचता रहा और स्पष्ट जानकारी देने में हिचकिचाहट दिखाने लगा। उसके व्यवहार पर संदेह होने पर पुलिस टीम ने वाहन की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान चालक की सीट के नीचे से 508 ग्राम चरस और डैशबोर्ड से 70,000 रुपये नकद बरामद किए जाने का दावा पुलिस ने किया है।बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही चालक को हिरासत में ले लिया। उसकी पहचान पूर्णचंद, उम्र 42 वर्ष, पुत्र मोती राम, निवासी गांव मुराख, डाकघर शिकावरी, तहसील थुनाग, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से चरस की सप्लाई के स्रोत और नकदी के इस्तेमाल को लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही, बरामद सामग्री को आवश्यक परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए नाकाबंदियों को और कड़ा किया जाएगा और स्थानीय लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।
