Chintpurni, Vikas-:वीरवार को कैप्टन अमोल कालिया मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चिंतपूर्णी में सड़क सुरक्षा और नशा उन्मूलन को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 150 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और सक्रिय रूप से प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।
स्थानीय थाना प्रभारी जय राम शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग से बचने के महत्व पर विस्तार से बताया। इसके अलावा उन्होंने नशे के गंभीर शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों पर भी प्रकाश डाला और युवाओं को अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को गलत संगत और नशे से होने वाले खतरों से अवगत कराते हुए उनसे यह प्रतिज्ञा लेने का आग्रह किया कि वे नशे से दूर रहेंगे और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।विद्यालय के स्टाफ सदस्य और रोड सेफ्टी क्लब के प्रभारी प्रियंका शर्मा, सुचिन्द्र स्याल, संजीव कुमार, राजेश कुमार, महेश पराशर, जगदीश चंद, अक्षय, अमित, मोहित, मीना, कंचन और पूनम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और छात्रों को मार्गदर्शन दिया।
