मंडी : धर्मवीर – बी.एड. डिग्री धारकों को जे.बी.टी. की बैचवाईज भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने का विरोध कर रहे जे.बी.टी./डी.एल.एड. प्रशिक्षित बेरोजगार संघ ने आज फिर से मंडी में एक रोष रैली निकाली और प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय का घेराव किया और इनके माध्यम से सरकार को अपना मांगपत्र भेजा।
भर्ती प्रक्रिया से बी.एड. डिग्री धारकों को बाहर करने की उठाई मांग
बता दें कि राज्य सरकार ने जे.बी.टी./डी.एल.एड. की बैचवाईज भर्ती में बी.एड. डिग्री धारकों को भी शामिल करने का निर्णय लिया है, जिसका ये विरोध कर रहे हैं। यह मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है और अभी इस पर निर्णय आना बाकी है। कोर्ट से निर्णय आने से पहले ही सरकार जे.बी.टी. की जो बैचवाईज भर्ती कर रही है उसमें बी.एड. डिग्री धारकों को भी शामिल किया जा रहा है। जे.बी.टी./डी.एल.एड. प्रशिक्षित बेरोजगार संघ के राज्य अध्यक्ष मोहित ठाकुर ने कहा कि सरकार ने गलत निर्णय लेकर हजारों बेरोजगारों के साथ अन्याय किया है। मामला सुप्रीम कोर्ट में होने के बाद भी सरकार बी.एड. डिग्री धारकों को जबरन जे.बी.टी. की भर्ती में शामिल कर रही है। जबकि आरएंडपी रूल्स के तहत ऐसा कोई प्रावधान नहीं है। इन्होंने राज्य सरकार से गुहार लगाई है कि जे.बी.टी./डी.एल.एड. की भर्ती प्रक्रिया में बी.एड. डिग्री धारकों को शामिल न किया जाए। यदि सरकार अपने रवैये पर अड़ियल रहती है तो फिर प्रदेश भर में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
