Chamba, Manjur Pathan-हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग की चेतावनी के बाद शुरू हुई मूसलधार बारिश ने चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। बघेईगढ़ पंचायत में बादल फटने की घटना के बाद पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्मित पुल बघेईगढ़ नाले में बह गया, जिससे क्षेत्र की चार पंचायतों का जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह कट गया है।
बघेईगढ़ नाले में अचानक आई बाढ़ से जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिसने पुल को बहा दिया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त पुल पर कोई व्यक्ति या वाहन मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी त्रासदी टल गई। हालांकि, आसपास के खेतों और घरों में पानी घुस गया है, पर अब तक किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह पुल इन चार पंचायतों के लिए एकमात्र संपर्क मार्ग था। अब इसके बह जाने से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों व मरीजों को दैनिक जरूरतों की पूर्ति में भारी दिक्कतें हो रही हैं।ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जाए—चाहे वह अस्थायी हो या स्थायी—ताकि जनजीवन सामान्य हो सके और आपात स्थिति में मदद तुरंत पहुंच सके।
