बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: बिलासपुर में सदर कांग्रेस प्रत्याशी बंबर ठाकुर ने भाजपा पर निशाना साधा है। बंबर ठाकुर ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिलासपुर शहर में 40 प्रतिशत नशा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बिलासपुर में नशे पर लगाम लगाने के लिए पूरी तरह से विफल रही है। बिलासपुर पुलिस द्वारा नशे पर लगाम लगाने के लिए एक विशेष कमेटी बनाई थी, लेकिन सीएम के सलाहकार द्वारा पुलिस अधिकारियों का तबादला बिलासपुर से कर दिया गया। बंबर ठाकुर ने कहा कि बिलासपुर शहर में नशे से युवक की हुई मौत की भी भाजपा सरकार जिम्मेदार है, क्योंकि अगर इनकी सरकार पहले से ही नशा माफियों पर कड़ी कार्रवाई करती तो आज यह हालात बिलासपुर में देखने का नहीं मिलते।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर में नशा माफियों को पूरी तरह से भाजपा का समर्थन है। इसी के साथ बंबर ठाकुर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने अपने सभी केंद्रीय मंत्री हिमाचल में उतार दिए है, उस दिन में एक जिला में केंद्र के दो बड़े नेता रैलियां सहित जनसभाएं कर रहे हैं। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि भाजपा अभी भी हिमाचल में विकास पर नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी के नाम पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा की रैलियां व जनसभाओं से अब हिमाचल की जनता पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है, भाजपा की जनविरोधी नीतियों का जवाब अब इस चुनावों में दिया जाएगा।
बंबर ठाकुर ने सीएम के राजनीतिक सलाहकार व सदर भाजपा प्रत्याशी पर जुबानी प्रहार करते हुए कहा कि हिमाचल में बेरोजगार युवाओं और युवतियों पर इस सरकार ने पूरी तरह से अत्याचार किया है। मल्टी टास्क वकर्ज की भर्ती में सर पर सीमेंट की बोरियां उठाकर भागना, यह पूरी तरह से युवा व युवतियों को बेईजत करना है। अगर ऐसी सलाह सीएम को दी जा रही थी, तो इससे साफ जाहिर हो रहा है कि हिमाचल के बेरोजगार युवा व युवतियों के लिए यह सरकार कितनी सजग है।
