सचिन शर्मा, केलांग: प्रदेश में बने सियासी माहौल के बी भले ही राजनीतिक दल एक दूसरे के विरोध में चुनाव लड़ रहे हैं। चुनावी दौर में एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप भी राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच खूब चल रहा है, लेकिन इसके विपरीत एक दूसरी तस्वीर भी इन चुनावों में देखने को मिली है जहां पर अतिथि देवो भव की परंपरा को निभाते हुए लाहौल स्पीति विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रवि ठाकुर ने एक अलग ही उदाहरण पेश किया है।
कांग्रेस के प्रत्याशी रवि ठाकुर ने स्पिति घाटी में भाजपा प्रत्याशी के चुनाव प्रचार के लिए आए सांसद का लाहौली परंपरा के अनुसार स्वागत किया दरअसल रवि ठाकुर स्पिति घाटी में चुनाव प्रचार अभियान के बाद लाहौल घाटी की ओर आ रहे थे। इस दौरान स्पिति जा रहे भाजपा से संबधित लद्दाख के सांसद जमयांग सेरिंग नामग्याल से छोटा दड़ा में उनकी मुलाकात हो गई। रवि ठाकुर अपने वाहन से उतरे और लाहौली परंपरा के अनुसार खतग पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
सासंद ने भी उनके अभिवादन को स्वीकार करते हुए उनका आभार जताया। रवि ठाकुर ने कहा कि राजनीतिक दल भले ही अलग हो, लेकिन अथिति का स्वागत करना हमारी संस्कृति और परंपरा रही है। आज स्पीति से लौटते समय अचानक भाजपा के लद्धाख से सांसद जमयांग सेरिंग नामग्याल मिले। ऐसे में हमने अतिथि देवो भव: की परंपरा निभाते हुए उनका लाहौल स्पीति की परंपरा के अनुसार खतक पहना कर स्वागत किया।
