बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव बंबर ठाकुर ने कहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की ओर से बेटे और अपने नजदीकी प्रदेश भाजपा महामंत्री की राजनीति को चमकाने को लेकर चेतना संस्था के बजट का दुरूपयोग किया जा रहा है।
शनिवार को बिलासपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने कहा कि एक ओर जहां पहले खेल किट वितरण किया गया। वहीं, दूसरी ओर रोजगार मेला के नाम पर युवाओं को भाजपा नेताओं द्वारा ठगा गया। साथ ही अब जिम वितरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। जबकि दिव्यांग वर्ग के नाम पर करोड़ों की राशि एकत्रित की है। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में झंडूता क्षेत्र के मरोत्तन में चेतना संस्था की ओर से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में एम्स के नौ डाक्टर तैनात रहे। वहीं, एम्स में लोग डाक्टरों का इंतजार करते रहे। बंबर ठाकुर ने कहा कि यदि खेल किट, रोजगार मेला या फिर जिम को लेकर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष इतने ही गंभीर होते तो राज्यसभा सांसद निधि से यह राशि वितरित कर सकते थे। लेकिन संस्था के नाम एकत्रित की गई राशि का कथित दुरूपयोग किया जा रहा है। जोकि सही नहीं है। उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कोरोना काल में पीपी किट घोटाले में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के द्वारा उन्हें अध्यक्ष पद से हटाया गया था । 1 साल बीत जाने के बाद ऐसा क्या हुआ कि वह दूध के धुले बन गए और पवित्र हो गए और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को दोबारा उन्हे ही प्रदेश अध्यक्ष के पद पर चुनना पड़ा ।इससे यह साफ पता चलता है कि भाजपा घोटाला करने वालों को श्रेय देती है । उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में अब इसका जवाब जनता जरूर देगी ।
