नाहन : देवेंद्र कुमार -डीसी सिरमौर आर.के. गौतम ने ग्रीष्मकाल व बरसात के दौरान हैजा, आंत्रशोथ, डायरिया व दस्त आदि बीमारियों के प्रसार के खतरे के दृष्टिगत जिला में गले-सड़े व दूषित फल, सब्जियां तथा खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किये हैं । नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर शिकंजा कसने के लिए डीसी आरके गौतम ने जिला के सभी उपमंडल स्तर पर कमेटियों का गठन कर निरीक्षण के निर्देश जारी कर दिए हैं।
निरक्षण के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में कमेटी का गठन
डीसी सिरमौर आरके गौतम ने बताया कि आगामी गर्मियों के मौसम में बढ़ती बीमारियों के प्रसार को रोकने के मकसद से धूल व मक्खियों के कारण दूषित खाद्यान्न, गले-सड़े अधिक कम व अधिक पके फल व सब्जियां, शीशे के कवर से न ढके खाद्य पदार्थ मिठाईयां व, धूल मिट्टी मक्खियों के कारण दूषित हो रहे मीट, मिठाई, मछली, बिस्कुट, दूध, कोल्ड ड्रिंक को बेचने पर प्रतिबंध लगाया गया है । उन्होंने बताया कि खाद्य व पेय पदार्थों की निगरानी और निरीक्षण के लिए उपमंडल स्तर पर कमेटियों का गठन किया गया है, जो ऐसे विक्रेताओं पर नजर बनाए रखने के लिए समय-समय पर निरीक्षण करेंगे और गले सड़े फल सब्जियों समेत अन्य खाद्य पदार्थों को नष्ट करने का कार्य करेंगी।
आरके गौतम ने बताया कि जिला में मीट विक्रेताओं पर नजर रखने के लिए गठित टीमों को निर्देश दिए हैं । उन्होंने बताया कि ज्यादातर क्षेत्रों में मीट विक्रेता लापरवाही बरतते हुए लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं और खुले में मीट बेच रहे हैं । उन्होंने बताया कि ऐसे दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई करते हुए दुकानें सील तक करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी ।
