सोलन/योगेश शर्मा: ऑल इंडिया पंजाब नैशनल बैंक पेंशनर्स एण्ड रिटायरीस एसोसिएशन की हिमाचल इकाई का राज्य स्तरीय त्रैवाषिक सम्मेलन आज सोलन में सम्पन्न हुआ। जिसमें प्रदेश के बैंक सेवानिवृत्तियों के अलावा अखिल भारतीय स्तर के अनेक शीर्ष नेताओं ने सहभागिता की। सम्मेलन की अध्यक्षता एसोसिएशन के अखिल भारतीय प्रेसिडेंट एम. एल. गुप्ता ने की। सम्मेलन में चर्चा के दौरान पेंशन अपडेशन और मैडिकल खर्च की प्रतिपूर्ति न होने के मुद्दे प्रमुख रहे।
उल्लेखनीय है कि पिछले बीस वर्षों से बैंक कर्मियों की पेंशन में तनिक भी बढ़ोतरी नहीं हुई है और न ही बैंक मेडिकल खर्च की प्रतिपूर्ति करते हैं। अखिल भारतीय स्तर पर एसोसिएशन के मुख्य सलाहकार के. डी. खेड़ा ने बैंक सेवानिवृत्तियों की वास्तविक समस्याओं के प्रति सरकार के रवैये को उदासीनतापूर्ण बताया और नौकरशाही तथा इंडियन बैंक एसोसिएशन की नकारात्मक भूमिका के लिए उनकी कड़ी भर्त्सना की।
उन्होंने कहा कि 2 वर्ष पहले आईबीए की वार्षिक बैठक में वित्त मंत्री निर्मला सीता रमण ने बैंक कर्मियों की पेंशन बढ़ोतरी के मुद्दे का संज्ञान लेते हुए आईबीए और भारतीय स्टेट बैंक के चेयरमैन को इस बारे में उचित कदम उठाने की हिदायत दी थी, लेकिन इस संबंध में अभी तक कुछ भी नहीं हुआ है। पेंशन बढ़ोतरी से संबंधित उच्चतम न्यायालय में लंबित मामलों में भी आईबीए का रवैया नकारात्मक और अड़ंगे लगाने वाला है। जिसके कारण उनके निपटान में अवांछित विलंब हो रहा है परिणामस्वरूप पेंशनधारकों में भारी रोष है।
