मनमिन्दर अरोड़ा/कुल्लू: जिला कुल्लू की धार्मिक नगरी मणिकर्ण में कसोल के समीप बेंगलुरु के एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर जाकर खून से लथपथ शव को ग्राहण नाला से कब्जे में ले लिया है। घटनास्थल पर फोरैंसिक टीम को भी बुलाया गया है जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शव के पास एक मोबाइल फोन, घड़ी व चाकू बरामद हुए हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राहण नाला के पास एक शव देखे जाने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने कार्रवाई अमल में लाते हुए घटनास्थल का रुख किया। मृतक की पहचान सोनू (27) पुत्र रवि कुमार निवासी बेंगलुरु कर्नाटक के रूप में हुई है। यह कसोल घूमने आया था। प्रारम्भिक जांच में पुलिस को पता चला है कि बीते रोज कसोल में 2 गुटों में झगड़ा हुआ था। उस झगड़े में यह युवक भी शामिल था। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि युवक की हत्या हुई है। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
