Bilaspur, Subhash (TSN)-हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के उदयपुर क्षेत्र में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा निर्मित बहुप्रतीक्षित ‘भीम सेतु’ पुल को राष्ट्र को समर्पित कर दिया गया है। सामरिक महत्व वाले इस डबल लाइन पुल का लोकार्पण केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बीआरओ के 66वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया उद्घाटन
नई दिल्ली स्थित बीआरओ मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल वर्चुअली जुड़ते हुए समारोह का हिस्सा बने। इस अवसर पर देशभर की 50 बड़ी अधोसंरचना परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया, जिनमें कई पुल और सड़कों का निर्माण शामिल है।
‘भीम सेतु’ पुल की खासियतें
यह पुल उदयपुर क्षेत्र में 4 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से बनाया गया है। इसकी लंबाई 21 मीटर और चौड़ाई 10 मीटर है, जबकि इसकी भार वहन क्षमता 70 ‘आर’ है। इसका निर्माण कार्य 20 फरवरी 2023 को शुरू हुआ था और 17 जनवरी 2025 को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया।
इससे पहले इस स्थान पर मात्र 9 मीटर लंबा और 5 मीटर चौड़ा एक आरसीसी पुल था, जिसकी भार क्षमता सिर्फ 18 ‘आर’ थी। सीमित क्षमता के कारण भारी वाहनों की आवाजाही में लगातार समस्याएं आती थीं और स्थानीय जनता को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
राज्यपाल ने जताया केंद्र और बीआरओ का आभार
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने इस उपलब्धि के लिए केंद्र सरकार और बीआरओ की सराहना करते हुए कहा कि यह पुल सामरिक दृष्टि से न केवल सेना के लिए अहम है, बल्कि क्षेत्रीय लोगों की जीवन रेखा भी बनेगा। उन्होंने ‘प्रोजेक्ट दीपक’, 38 सीमा सड़क कार्य बल और 94 सड़क निर्माण इकाई के सभी अधिकारियों व श्रमिकों को बधाई दी।
