Shimla,Sanju (TSN) — गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत मंगलवार को शिमला समेत देश के 244 जिलों में एक साथ आपदा प्रबंधन अभ्यास (मॉक ड्रिल) आयोजित किया गया। शिमला में इस अभ्यास के तहत उपायुक्त कार्यालय परिसर और संजौली बहुमंजिला पार्किंग को प्रभावित जोन घोषित किया गया।
दोपहर 4 बजे सायरन बजाकर आपातकालीन स्थिति की घोषणा की गई, जिसके तुरंत बाद सिविल डिफेंस, एनडीआरएफ और अन्य राहत एवं बचाव एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और प्रभावित क्षेत्र से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
उपायुक्त कार्यालय और संजौली पार्किंग बना प्रभावित क्षेत्र
करीब आधे घंटे चले इस अभ्यास के दौरान प्रशासन की तैयारियों, समन्वय और रिस्पॉन्स टाइम का आकलन किया गया ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके। अभ्यास का उद्देश्य न केवल प्रशासनिक तैयारी को परखना था, बल्कि आम नागरिकों को भी आपदा के समय अपनाए जाने वाले उपायों के प्रति जागरूक करना था।
जिला उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि ऐसे अभ्यासों से प्रशासन की क्षमता का मूल्यांकन होता है और आम जनता को भी आपदा प्रबंधन की जानकारी मिलती है, जिससे जनहानि को रोका जा सकता है।अतिरिक्त सूचना: इस मॉक ड्रिल के हिस्से के रूप में आज शाम 7:20 से 7:30 बजे तक पूरे शिमला शहर में प्रतीकात्मक ब्लैक आउट किया जाएगा।
