Mandi, Dharamveer-:छोटी काशी मंडी में संविधान दिवस के अवसर पर भीम आर्मी भारत एकता मिशन की ओर से एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रतिभागियों ने शहर भर का चक्कर लगाकर “संवैधानिक अधिकार बचाओ, भाईचारा बनाओ” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
रैली के दौरान भीम आर्मी भारत एकता मिशन के प्रभारी दलीप कुमार, जिला महासचिव फर चंद अली सहित अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर के नारे लगाए और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर द्वारा तैयार किया गया भारतीय संविधान देश की एकता, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों की नींव है। उनका कहना था कि आज कुछ शक्तियां संविधान की मूल भावना को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं, जिसे किसी भी स्थिति में सफल नहीं होने दिया जाएगा।भीम आर्मी के नेताओं ने चुनी हुई सरकारों से संविधान की रक्षा और इसके प्रावधानों के कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की अपील की। उनके अनुसार संविधान ही वह धागा है जो देश के विविध समुदायों को एक सूत्र में पिरोता है, इसलिए इसके संरक्षण के लिए हर नागरिक को जागरूक होना आवश्यक है।
स्थानीय निवासियों ने भी इस रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने वाला कदम बताया।बता दे कि आजादी के बाद डॉ. भीमराव अम्बेडकर की अध्यक्षता वाली समिति ने 26 नवंबर 1949 को संविधान का प्रारूप सरकार को सौंपा था। संविधान निर्माण की प्रक्रिया में 2 साल 11 महीने और 18 दिन का समय लगा। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान को औपचारिक रूप से लागू किया गया, जिसके उपलक्ष में हर वर्ष देशभर में गणतंत्र दिवस मनाया जाता है।
