नूरपुर | पुलिस जिला नूरपुर में नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। डीएसपी नूरपुर चंद्रपाल सिंह ने प्रेसवार्ता में जानकारी दी कि पुलिस ने 6 किलो 44 ग्राम चरस बरामदगी मामले में ज्वाली क्षेत्र के मुख्य आरोपी शुभकर्ण पुत्र रवि कुमार, निवासी समकेहड़, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि 11 अक्टूबर 2025 को पुलिस थाना नूरपुर के अंतर्गत कंडवाल क्षेत्र में नाका बंदी के दौरान पुलिस ने एक अल्टो कार (Temp. T1025-HP-1132 L) से 6 किलो 44 ग्राम चरस बरामद की थी। इस दौरान पुलिस ने अनु कुमार, सुरेश कुमार और राम लाल, सभी निवासी जिला मंडी, को मौके पर ही गिरफ्तार किया था। इस पर थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इस गिरोह में और भी लोग शामिल थे। उसी कड़ी में नूरपुर पुलिस टीम ने पेशेवर कार्रवाई करते हुए 1 नवंबर 2025 को शुभकर्ण को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि शुभकर्ण एक कुख्यात नशा तस्कर है और उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं —
- एफआईआर नंबर 13/23 (16 जनवरी 2023), थाना ज्वाली — बरामदगी: 780 ग्राम चरस
- एफआईआर नंबर 64/24 (12 मार्च 2024), थाना कांगड़ा — बरामदगी: 1 किलो 943 ग्राम चरस
डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस नशा माफिया के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और यह अभियान लगातार जारी रहेगा। डीएसपी ने जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और नशामुक्त समाज बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
