नूरपुर, संजीव-:नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस नूरपुर ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को 717 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को पुलिस चौकी सदवां की टीम ने क्षेत्र में नाकाबंदी और वाहन चेकिंग अभियान चलाया हुआ था। तड़के करीब 5:15 बजे सदवां चौक पर एक मोटरसाइकिल (HP-48B-6260, होंडा शाइन) को जांच के लिए रोका गया। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।तलाशी के दौरान एक आरोपी के पिट्ठू बैग से 717 ग्राम चरस/कैनाबिस बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद चरस की खेप को सप्लाई के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों की तलाश में जुट गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लाल हुसैन (20 वर्ष) निवासी गांव मलेठी, डाकघर सिलाघराट, जिला चंबा और मोहम्मद शरीफ (25 वर्ष) निवासी गांव भलू, डाकघर सिलाघराट, जिला चंबा के रूप में हुई है।इस संबंध में थाना नूरपुर में एफआईआर नंबर 47/2026 दिनांक 16.02.2026 के तहत धारा 20, 25 और 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।जिला पुलिस नूरपुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
