मंजूर पठान, चंबा: प्रदेश भाजपा को आज एक बड़ा झटका कांग्रेस ने दिया है। कांग्रेस की ओर से भाजपा एसटी मोर्चा के उपाध्यक्ष रवि चौभियाल को अपनी पार्टी में शामिल कर लिया गया है। कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेत्री और डलहौजी से 6 बार की विधायक आशा कुमारी के निवास स्थान पर भाजपा के एसटी मोर्चा के उपाध्यक्ष रवि चौभियाल ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा को अलविदा कहा और कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है।
भाजपा के लिए यह एक बहुत बड़ा झटका हैं क्योंकि रवि चौभियाल भाजपा के स्तंभ माने जाने वालों में से एक है। यही कारण है कि रवि के पार्टी छोड़ने से भाजपा की मुश्किलें भी आने वाले समय में बढ़ती जाएंगी। रवि के अलावा सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी आशा कुमारी के साथ मिलकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। इसके साथ ही भाजपा नेताओं के कई रिश्तेदारों ने भी कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है। इससे साफ हो गया है कि भाजपा की मुश्किलें लगातार बढ़ने वाली है।
कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेत्री और विधायिका आशा कुमारी ने अपने निवास स्थान पर भाजपा एसटी मोर्चा के उपाध्यक्ष रवि चौभियाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता का कांग्रेस पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने बताया है कि भाजपा की दमनकारी नीतियों से तंग होकर भाजपा के बड़े-बड़े पदों पर बैठे लोग भाजपा को अलविदा कह रहे है, क्योंकि महंगाई बेरोजगारी से लोगों की मुश्किलें बढ़ी है। आशा कुमारी ने कहा है कि आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश में ओल्ड पेंशन स्कीम लागू की जाएगी और कांग्रेस पार्टी की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ बनने जा रही है।
आशा कुमारी ने मुख्यमंत्री को भी सलाह देते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री अपनी पार्टी की चिंता करें कांग्रेस कैसे काम करेगी उसकी चिंता करने की जरूरत है मुख्यमंत्री को नहीं है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा के चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस पार्टी लगातार अपनी सक्रियता बढ़ा रही है। नए-नए कार्यकर्ताओं को भी पार्टी से जोड़ा जा रहा है।
