चिंतपूर्णी, विकास-:चिंतपूर्णी क्षेत्र के चंबी में हाल ही में हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी गौरव दुग्गल (पुत्र सुरेंद्र दुग्गल), निवासी मानव नगर, फगवाड़ा (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की पुष्टि डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए किसी मोटरसाइकिल का नहीं बल्कि किराए पर ली गई एक्टिवा (HP 39 F 8995) का इस्तेमाल किया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, रेंटल एग्रीमेंट और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से चिंतपूर्णी बाजार मार्ग का प्रयोग नहीं किया, बल्कि बधमाणा रोड से होते हुए पंजाब की ओर फरार हो गया।जांच में यह भी सामने आया है कि गौरव दुग्गल का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश के नादौन और बड़सर थानों में पहले से विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की जाएगी, ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित संलिप्त व्यक्तियों की गहन जांच की जा सके।पुलिस टीम ने मात्र चार से पांच दिनों के भीतर मामले को सुलझाकर अपनी तत्परता और पेशेवर दक्षता का परिचय दिया है।
