बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: एसआइयू की टीम ने घागस के समीप दयोली में एक व्यक्ति से 90 गोलियां सिजडॉल की बरामद की है। पुलिस ने नाका लगाकर घागस के समीप दयोली में कार चालक सचिन पुत्र सुरेंद्र पाल निवासी बागी बिनौला से ये गोलियां बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एसआईयू की टीम वीरवार को घागस की ओर गश्त पर जा रही थी तो उन्हें सूचना मिली कि एक कार में अवैध रूप से शराब लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने दयोली के समीप नाका लगा दिया। इस दौरान उन्होंने अन्य वाहनों की तलाशी लेना भी शुरू कर दिया। इसी दौरान एक कार नंबर एचपी 24 बी 9062 दयोली की तरफ से आई तो पुलिस की टीम ने उसे रोकने का इशारा किया।
पुलिस की टीम को देखकर चालक ने गाड़ी को रोका और भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस की टीम ने उसकी भागने की कोशिश को नाकाम करते हुए मात्र कुछ मीटर की दूरी पर धर दबोचा और भागने का कारण पूछा, लेकिन चालक कोई संंतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया। पुलिस ने जब उसकी गाड़ी की तलाशी ली तो गाड़ी के डैशबोर्ड में से नौ पते सिजडॉल बरामद हुए। पुलिस ने जब चालक सचिन से संबंधि दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं करवा सके। पुलिस ने सचिन पुत्र सुरेंद्र निवासी बागी बिनौला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस की मानें तो सचिन पिछले काफी समय से प्रतिबंधित दवाईयों को बेचने का काम करता था।
