नाहन/देवेन्द्र कुमार: नाहन विधान सभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी से टिकट के दावेदार जयदीप शर्मा ने माजरा पंचायत की बंगाला कॉलोनी का दौरा किया। जयदीप शर्मा ने जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों की समस्याओं को सुना और जल्द उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि ये लोग पिछले 100 वर्षों से यहां पर रह रहे हैं और मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। इन लोगों के पास न तो शौचालय न पीने के पानी की व्यवस्था है।
गलियों की दशा भी दयनीय है इसके अलावा यहां रहने वाले दर्जनों लोग ऐसे हैं, जो बीपीएल सूची के असल हकदार है परंतु आज तक इन्हें बीपीएल सूची में शामिल नहीं किया गया। यहां बहुत से बुजुर्ग और कई विधवा महिलाएं है जिन्हें बुढ़ापा पेंशन तक नहीं मिल रही है। इस महंगाई के दौर में इन लोगों को अपने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें जनता का आशीर्वाद मिला तो सबसे पहले वह इन लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे।
